सदस्य बनिए


रेल बजट में बिहार पर नहीं दिखी ममता



प्रकाशित: Sun, 05 Jul 2009 at 17:19 IST (Ramesh Chandra)

 
मतदान करें
आईपीएल सीजन थ्री में कौन सी टीम होगी विजेता ?
मुंबई इंडियंस
कोलकाता नाइट राइडर्स
राजस्थान रॉयल्स
डेक्कन चार्जर्स
चेन्नई सुपर किंग्स
बैंगलोर रॉयल चैलेंजर
दिल्ली डेयर डेविल्स
किंग्स इलेवन पंजाब
नयी दिल्ली। रेल मंत्रालय पर पिछले 10 वर्षों से जारी बिहार का कब्जा हटने का असर इस बार के रेल बजट पर स्पष्ट तौर पर दिखाई दिया। ममता बनर्जी ने लालू प्रसाद की कई परियोजनाओं और प्रस्तावों पर मौन साध लिया और बिहार नयी रेल मंत्री की नजरें इनायत से महरूम रह गया।
संसद में लालू प्रसाद के अंतरिम रेल बजट में जहां बिहार का दबदबा दिख रहा था वहीं ममता बनर्जी के रेल बजट में बंगाल ही बंगाल दिखायी दे रहा है। लालू प्रसाद ने फरवरी में पेश अपने अंतरिम रेल बजट में 43 नयी ट्रेनों का प्रस्ताव किया था, जिसमें से 18 ट्रेन बिहार के लिए थीं, जबकि ममता बनर्जी के रेल बजट में 57 नयी ट्रेनों का प्रस्ताव है, जिनमें बिहार के लिए केवल चार ट्रेन हैं।
लालू प्रसाद ने भागलपुर और थावे में दो नयी रेलवे डिविजन गठित करने का प्रस्ताव किया था, जबकि ममता के रेल बजट में इसका जिक्र नहीं है। ममता बनर्जी ने अपने रेल बजट में 55 नयी रेल लाइन स्थापित करने का प्रस्ताव किया है, जिसमें केवल एक रेलवे लाइन बिहार के लिए है। लालू प्रसाद ने अंतरिम रेल बजट में पटना को अंतरराष्ट्रीय स्तर का रेलवे स्टेशन बनाने का प्रस्ताव किया था, लेकिन ममता बनर्जी के 50 अत्याधुनिक रेलवे स्टेशनों की सूची में ‘पटना' शामिल नहीं है।
बहरहाल, ममता पर रेल बजट में बिहार की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद ने कहा वह इस विषय पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और रेल मंत्री से स्वयं मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान देश के जिन चुनिंदा स्टेशनों को विश्व स्तरीय बनाने की घोषणा की गयी थी, उसमें पटना को भी शामिल किया गया था लेकिन ममता द्वारा कल पेश रेल बजट में पटना शामिल नहीं है।बिहार की उपेक्षा के प्रश्न पर ममता बनर्जी ने कहा, ‘‘जो भी तकनीकी रूप से व्यवहार्य हैं उस पर कदम आगे बढ़ाया गया है। हम अपनी योजनाओं में पटना को कापी अहमियत देते हैं और पटना हमारे लिए महत्वपूर्ण है। '' दूसरी ओर लालू प्रसाद ने आरोप लगाया कि कोसी रेलवे पुल के लिए प्रस्तावित 341 करोड रूपये की बजाए ममता बनर्जी ने अपने रेल बजट में मात्र 20 करोड रूपये का प्रावधान किया ।
ममता बनर्जी ने रेल बजट 2009 में रेलवे की जमीन पर 17 मेडिकल कालेज और सात नर्सिंग कालेज स्थापित करने का प्रस्ताव किया है..लेकिन इनमें से एक भी संस्थान बिहार में नहीं है। हालांकि चार मेडिकल कालेज पश्चिम बंगाल में खोले जाने का प्रस्ताव किया गया है।
नयी रेल मंत्री ने अपने बजट प्रस्ताव में तीन शहरों .ंदिल्ली, कोलकाता और चेन्नई.ं में लेडीज स्पेशल रेल गाडियां चलाने का प्रस्ताव किया है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में 1,000 मेगावाट का बिजली संयंत्र स्थापित करने का प्रस्ताव भी किया गया है जबकि लालू प्रसाद द्वारा फरवरी में पेश किए गए अंतरिम बजट प्रस्ताव में मरहौरा में डीजल इंजन और मधेपुरा में बिजली चलित इंजन कारखाना स्थापित करने की जो योजना थी, दीदी के बजट में उसपर मौन साधा गया है।
ममता बनर्जी ने तीन रेल मार्गो पर तीव्र पार्सल सेवा शुरू करने का प्रस्ताव किया है, लेकिन इसमें बिहार को स्थान नहीं दिया गया है । यह सेवा दिल्ली.चेन्नई, दिल्ली.मुम्बई और दिल्ली-हावड़ा के बीच शुरू की जाएगी।
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - -